Saturday 13-Jun-2026

पटना में बीजेपी जेडीयू ऑफिस के बाहर छात्रों ने किया प्रदर्शन, सम्राट चौधरी के आश्वासन के बाद हटे

पटना में बीजेपी जेडीयू ऑफिस के बाहर छात्रों ने किया प्रदर्शन, सम्राट चौधरी के आश्वासन के बाद हटे

बिहार के कॉलेजों में 12वीं की कक्षाएं एक अप्रैल से बंद करने के राज्य सरकार के फैसले के विरोध में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने गुरुवार को राजधानी पटना के वीरचंद पटेल मार्ग पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया। हंगामा बढ़ता देख उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आंदोलित छात्रों से मिलने पहुंचे। उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि बीच सत्र 2023-25 में कोई बदलाव नहीं होगा। इस सत्र के छात्र जहां हैं वहीं 12वीं में नामांकन होगा। इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि नए एकेडमिक वर्ष 2024 में डिग्री महाविद्यालयों में इंटर का नामांकन नहीं होगा। इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। उपमुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और लौट गए।

वहीं पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजीव मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों की भीड़ ने यातायात संचालन में व्यवधान पैदा किया। बाद में सुरक्षा बलों ने उन्हें सड़क से हटा दिया। उन्होंने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।

बता दें कि विद्यार्थी अगले नए शैक्षणिक सत्र (एक अप्रैल, 2024) से राज्य के कॉलेजों में 12वीं की कक्षाएं बंद करने के बिहार सरकार के फैसले का विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से 11वीं कक्षा के विद्यार्थी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस निर्णय को एक अप्रैल 2025 से लागू किया जाए। बिहार शिक्षा विभाग ने 21 फरवरी को जारी एक आदेश में कहा था कि वह राज्य के विश्वविद्यालयों से संबद्ध कॉलेजों में आयोजित होने वाली 12वीं की कक्षाएं बंद करने जा रहा है। अधिसूचना के मुताबिक नए सत्र से 12वीं की कक्षाएं (तीनों संकाय- कला, विज्ञान और वाणिज्य) अब केवल उच्च माध्यमिक विद्यालयों में ही दी जाएंगी।