पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
दिल्ली सहित देश के अन्य हिस्सों में बुधवार की देर रात तक हुई बारिश ने पटना की विमान सेवा को भी प्रभावित किया। बुधवार की देर रात पटना एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट साढ़े सात घंटे की देरी से गुरुवार की सुबह रवाना हुई। इस वजह से बड़ी संख्या में यात्री पटना एयरपोर्ट पर फंसे रहे। उन्होंने देर रात हंगामा भी किया। यात्रियों को पूरी रात एयरपोर्ट पर ही गुजारनी पड़ी।
पटना एयरपोर्ट से दिल्ली की फ्लाइट (उड़ान संख्या एसजी 8472) को बुधवार की रात साढ़े नौ बजे उड़ान भरनी थी। पहले बारिश की वजह चार घंटे की देरी के बाद यात्रियों को विमान में बैठाया गया। लेकिन पायलट को विमान में गड़बड़ी का संकेत मिला। इससे रात 2.10 बजे रनवे से विमान को पार्किंग-वे की ओर लौटाना पड़ा। रात 2.24 बजे सभी यात्रियों को विमान से उतारकर उन्हें टर्मिनल बिल्डिंग में जाने के लिए कहा गया। इस पर यात्रियों ने विरोध करना शुरू कर दिया और एयरलाइंस के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
बाद में सीआईएसएफ और एयरलाइंस के प्रयासों से यात्रियों को आगमन हॉल में लाया गया। दोबारा चेक इन होने की वजह से फिर से उन यात्रियों की सुरक्षा जांच की गई। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद गुरुवार तड़के 4.54 बजे गड़बड़ी को ठीक किया जा सका। इस बीच यात्री टर्मिनल भवन में ही बैठे रहे। यह फ्लाइट गुरुवार की सुबह 5 बजे रवाना हुई।