Saturday 19-Sep-2026

मधुबनी में मर्डर, शिक्षक की चाकू गोदकर हत्या

मधुबनी में मर्डर, शिक्षक की चाकू गोदकर हत्या

बिहार के मधुबनी में एक शिक्षक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान आलोक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी बदमााश को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी विकास यादव ने पूछताछ में बताया कि दो वर्ष पूर्व आलोक कुमार के साथ उसका झगड़ा हुआ था। उसी का बदला लेने के लिए आलोक कुमार को मारपीट कर घायल करने के उद्देश्य से उस पर चाकू से हमला किया था, लेकिन उसमें उसकी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार प्रगति नगर निवासी आलोक कुमार अपने घर से निकल कर कोतवाली चौक से पूरब बारी टोला अपने नए आवास के निर्माण स्थल के लिए सड़क पर पहुंचे ही थे कि कोतवाली चौक से पूरब 10 नंबर रेलवे क्रॉसिंग के पास के निवासी विकास यादव से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विकास यादव ने चाकू से आलोक यादव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू आलोक के पेट में कई जगह लगी जिससे वह वही पर गिर कर अचेत हो गया। इसे देख कुछ स्थानीय लोग दौड़े और आलोक को उठा कर सदर हॉस्पिटल लाए, जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने आलोक को मृत घोषित कर दिया।

घटना को लेकर नगर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार विकास यादव ने पूछताछ में बताया की दो वर्ष पूर्व आलोक कुमार के साथ उसका झगड़ा हुआ था। इस दौरान विकास घायल हो कर अस्पताल में भर्ती था। उसी का बदला लेने के लिए उसने आलोक कुमार से मारपीट कर घायल करने के उद्देश्य से उस पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने हत्या में उपयोग किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया है।