Saturday 13-Jun-2026

पुरुषों में दाढ़ी-मूंछें नहीं उगने के हो सकते हैं कई कारण

पुरुषों में दाढ़ी-मूंछें नहीं उगने के हो सकते हैं कई कारण

दाढ़ी और मूंछें आज के समय में एक फैशन स्टेटमेंट है। इसे हर आदमी अपने हिसाब से संवारकर रखता है। मगर दाढ़ी-मूंछ नहीं उगने पर या किसी कारण से इसका नुकसान हो जाय तो इससे आदमी का आत्मविश्वास कम होने लगता है। उसे समाज में लज्जा की भावना महसूस होने लगती है। इन दिनों यह समस्या बढ़ती जा रही है। दाढ़ी-मूंछ न उगने के कई कारण हो सकते हैं। मगर अच्छी बात यह है कि इस समस्या से उबरने के लिए कई विकल्प भी उपलब्ध हैं। पुरुष स्वास्थ्य माह के मौके पर इस समस्या के बारे में वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन डॉ. शब्बीर वारसी ने खुलकर बात की।

डॉ. वारसी ने बताया कि मूंछ दाढ़ी के विकास में अनुवांशिकी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यदि आपके परिवार में कम मूंछ-दाढ़ी वाले लोग हैं तो आपके भी कम उगने की संभावना है। टेस्टोस्टेरोन मूंछ दाढ़ी के विकास के लिए आवश्यक हार्मोन है। यदि आपके शरीर में टेस्टोस्टेरोन का स्तर कम है तो आपके बालों की वृद्धि कम हो सकती है। इसके अलावा थायराइड की समस्याएं, कुपोषण और एनीमिया भी मूंछ-दाढ़ी के विकास को प्रभावित कर सकती हैं। कई मामलों में तनाव, धूम्रपान और खराब आहार भी मूंछ दाढ़ी के विकास को रोक सकते हैं। साथ ही कुछ दवाएं, जैसे कि एंटीडिप्रेसेंट और स्टेरॉयड मूंछ दाढ़ी के विकास को धीमा कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि जीवनशैली में बदलाव लाकर इस समस्या से बचा जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि स्वस्थ आहार लें जिसमें फल, सब्जियां और साबुत अनाज शामिल हों। पर्याप्त नींद लें। तनाव कम करें। धूम्रपान छोड़ें और नियमित रूप से व्यायाम करें। उन्होंने बताया यदि आपके शरीर में टेस्टोस्टेरोन का स्तर कम है तो आप हार्मोन थेरेपी लेने पर विचार कर सकते हैं। इसके अलावा लेजर थेरेपी भी मूंछ-दाढ़ी के विकास को बढ़ाने में मददगार हो सकती है। यदि अन्य सभी उपाय विफल हो जाते हैं तो आप मूंछ दाढ़ी रोपण (ट्रांस्प्लांट) पर विचार कर सकते हैं।

यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि बाल उगाने के लिए कुछ लोग खर्च से बचना चाहते हैं और बिना किसी विशेषज्ञ से मिले हेयर ट्रांस्प्लांट करा लेते हैं। यह घातक हो सकता है। इसलिए यदि आप मूंछ-दाढ़ी के विकास के बारे में चिंतित हैं तो अपने डॉक्टर से बात करना सबसे अच्छा है। वे आपके बालों के झड़ने के कारण का पता लगाने और आपको उपचार के विकल्पों के बारे में सलाह देने में मदद कर सकते हैं।