Monday 15-Jun-2026

गोपालगंज: चुनाव ड्यूटी पर जा रहे पुलिसकर्मियों की वैन को ट्रक ने मारी टक्कर; 3 जवानों की मौत

गोपालगंज: चुनाव ड्यूटी पर जा रहे पुलिसकर्मियों की वैन को ट्रक ने मारी टक्कर; 3 जवानों की मौत

बिहार के गोपागलंज जिले में रविवार को एक ट्रक ने एक वैन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई जबकि 11 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बरहिमा बाजार के निकट तब हुई जब वैन में सवार पुलिस टीम लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत ड्यूटी करने के लिए सुपौल जा रही थी।

पुलिस ने बताया कि चुनाव ड्यूटी पर पुलिसकर्मियों को ले जा रही वैन बरहिमा बाजार के पास रुकी थी, तभी एक तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसमें पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 11 से अधिक लोग घायल हो गए।

गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक के कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। ट्रक को स्थानीय पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार पुलिस के दो कांस्टेबल अशोक कुमार उरांव (पूर्णिया निवासी) और पवन महतो (बेतिया निवासी) के रूप में की गई है। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक का चालक मौके से भाग गया और आगे की जांच जारी है।