पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
बिहार की राजधानी पटना के आईजीआईएमएस में एक अनोखी सर्जरी हुई है। हृदय रोग विभाग में डॉक्टरों टीम ने दरभंगा के 80 वर्षीय एक वृद्ध की सफलतापूर्वक ओपन हार्ट सर्जरी की है। इस दौरान बुजुर्ग मरीज को बेहोश नहीं किया गया। वहीं मरीज पूरे सर्जरी के दौरान डेढ़ घंटे तक हनुमान चालीसा सुनता रहा। मरीज की हालत अब स्थिर है। यह ऑपरेशन अस्पताल के सीटीवीएस विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर शील अवनीश और उनकी टीम ने किया है। पूरे सर्जरी के दौरान मरीज डॉक्टरों से बात भी करते रहे।
इस संबंध में अस्पताल के अधीक्षक डॉ मनीष मंडल ने बताया कि यह ऑपरेशन सिर्फ हार्ट के सीएबीजी विधि से ही संभव था। अस्पताल में मरीज के पहुंचने पर आयुष्मान योजना के तहत नि:शुल्क इलाज हुआ है और मरीज की तबीयत ठीक है। पूर्वी भारत में पहली बार डॉक्टरों ने इस तरह का जटिल ऑपरेशन किया है।
बताया गया है कि ऑपरेशन के दो घंटे के बाद मरीज को सामान्य भोजन भी दिया गया और उनकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। तीन- चार दिनों में अस्पताल से मरीज को छुट्टी भी मिल जाएगी। इस दुर्लभ सर्जरी के सफल होने पर आईजीआईएमएस के निदेशक डॉ. बिंदे कुमार, उपनिदेशक डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने पूरी टीम को बधाई दी है।