Saturday 09-May-2026

NDA कोटे से राज्यसभा जाएंगे उपेंद्र कुशवाहा, काराकाट सीट से हार गए थे लोकसभा चुनाव

NDA कोटे से राज्यसभा जाएंगे उपेंद्र कुशवाहा, काराकाट सीट से हार गए थे लोकसभा चुनाव

आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा एनडीए कोटे से राज्यसभा जाएंगे। बिहार बीजेपी अध्यक्ष और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत मे कहा कि उपेंद्र कुशवाहा एनडीए से राज्यसभा उम्मीदवार होंगे। सम्राट चौधरी ने कहा कि यह सबकी सहमति से फैसला लिया गया है। एनडीए के सभी साथी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और नीतीश कुमार, सभी लोगों के सहयोग से उपेंद्र कुशवाहा राज्यसभा जाएंगे।

दरअसल, बिहार में राज्यसभा की दो सीट खाली हुई है। आरजेडी सांसद मीसा भारती पाटलिपुत्र से लोकसभा चुनाव जीती हैं। जिस वजह से उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, बीजेपी सांसद विवेक ठाकुर भी नवादा से लोकसभा का चुनाव जीते हैं। इसलिए उन्होंने भी राज्यसभा की सीट छोड़ दी है।

बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए से ही काराकाट सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन हार गए थे। भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह ने कुशवाहा का खेल बिगाड़ दिया था। काराकाट से ना पवन सिंह जीते और ना ही उपेंद्र कुशवाहा जीत सके। ऐसे में यहां से माले के राजा राम सिंह ने बाजी मार ली। गौरतलब है कि 2010 से 2013 के बीच उपेंद्र कुशवाहा राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। काराकाट से 16वीं लोकसभा के लिए वह चुने गए। जेडीयू में भी रहे। हालांकि जेडीयू से अलग होने के बाद अब राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नाम से पार्टी बनाकर एनडीए के साथ हैं।