बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में 2 साल पुराने मामले में नाबालिग से दुष्कर्म और फिर उसका वीडियो वायरल करने के आरोपी को विशेष पॉक्सो कोर्ट ने 20 साल के कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा उस पर दस हजार रुपये जुर्माना भी ठोका गया है। यह मामला फकुली थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
विशेष लोक अभियोजक अजय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो ही आरोपित के खिलाफ बड़ा साक्ष्य था। पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि नौ जून 2022 को गंगा दशहरा के अवसर पर घर के लोग गंगा स्नान करने के लिए गए थे। वह गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में बकरी चराने गई थी। इस बीच सन्नी वहां पर पहुंचा। चाकू उसकी गर्दन पर रखकर हत्या करने की धमकी दी। इसके बाद झाड़ी में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।