विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को भगालपुर में गंगा की लहरों के बीच क्रूज यात्रा के साथ पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने अहम बैठक की। इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के अध्यक्ष और कमिटी के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर सहनी ने पार्टी के पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों को अभी से ही आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने को कहा।
बैठक की टेबल पर दो कतला मछली भी रखा गया था। बैठक शुरू होने के पहले सहनी ने कहा कि मेरे साथ मछली देख कर कई लोग परेशान हो जाते हैं लेकिन मेरा कर्म और धर्म मछली बेचना, मछली मारना और मछली खाना है। मैं मछुआरा का बेटा हूं। सहनी ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में भले पार्टी ने सीट नहीं जीती हो लेकिन वीआईपी का ही नहीं बल्कि महागठबंधन के वोट शेयर बढ़ा है, जो आने वाले चुनाव के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई अभी भी निषाद आरक्षण की है। जब तक बिहार, झारखंड और यूपी में निषादों को आरक्षण नहीं मिल जाता उनका संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि आज देश और बिहार की सरकार वर्तमान की सरकार से ऊब गए है ,इसका साफ संकेत लोकसभा चुनाव परिणाम ने दे दिया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में हम अच्छा परिणाम भी देंगे।