Saturday 19-Sep-2026

नीतीश कुमार के बीजेपी से हाथ मिलाने की अटकलों पर ये क्या बोल गए चिराग पासवान?

नीतीश कुमार के बीजेपी से हाथ मिलाने की अटकलों पर ये क्या बोल गए चिराग पासवान?

बिहार में राजनीतिक अनिश्चितता के बीच लोजपा (रामविलास) अध्यक्ष चिराग पासवान ने खुलासा किया कि वह स्वयं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ लगातार संपर्क में हैं और इस सवाल को कि एनडीए के नए साझेदार के रूप में क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उन्हें स्वीकार्य होंगे, काल्पनिक करार दिया।

गुरुवार की शाम को पटना पहुंचे चिराग पासवान ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मैंने अगले कुछ दिनों के महत्वपूर्ण घटनाक्रम पर दिल्ली में विचार विमर्श के चलते राज्य के अपने कार्यक्रम रद्द कर दिये हैं। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ लगातार संपर्क में हूं। दिल्ली से पटना आने से पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद कल शाम मैंने उनसे बात की थी। मैं दिल्ली वापस जा रहा हूं।

उन्होंने कहा कि मैंने समस्तीपुर में स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के गांव और सीतामढी की अपनी यात्रा रद्द कर दी है जहां मैं अयोध्या में पूजा करने के बाद उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए जाना चाहता था। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी बिहार में एनडीए की प्रतिबद्ध सहयोगी है। इसलिए हम राज्य की स्थिति पर नजर रख रहे हैं, जहां अगले दो या तीन दिन महत्वपूर्ण हो सकते हैं। भाजपा गठबंधन का सबसे बड़ा घटक दल है और मेरे संपर्क में है। हम दिल्ली में और बातचीत करेंगे।