उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सत्संग के दौरान मची भगदड़ की घटना पर केंद्रीय मंत्री और सांसद जीतन राम मांझी बड़ा बयान सामने आया है। शुक्रवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत में हाथरस में हुई घटना पर मांझी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हिंदुस्तान आस्थाओं का देश है। यहां बहुत प्रकार के बाबा हैं। ना बुलाने पर भी बहुत लोग आ जाते हैं।
जीतन राम मांझी ने कहा कि यह काम प्रशासन का था, जब संख्या 80 हजार लोगों की थी और ढाई लाख भीड़ जुट गई तो उसे कैसे मैनेज करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवादार लोग थे, जो कार्यकर्ता थे, उनको एहसास था तो प्रशासन की मदद लेनी चाहिए थी। वह प्रशासन की मदद नहीं ले पाए. हालांकि उत्तर प्रदेश की सरकार सख्त है और कार्रवाई कर रही है। बाबा को खोजने के लिए इनाम घोषित किया गया है।
गौरतलब है कि हाथरस के फुलरई गांव में प्रवचनकर्ता बाबा नारायण हरि उर्फ साकार विश्व हरि 'भोले बाबा' के कार्यक्रम में बीते मंगलवार को करीब ढाई लाख अनुयायी एकत्र हुए थे। इस दौरान भगदड़ मच गई थी। इसमें 121 लोगों की मौत हो गई है।