Wednesday 24-Jun-2026

बिहार एनडीए में कब होगा सीटों का बंटवारा? सम्राट चौधरी का दावा- NDA में ऑल इज वेल है

बिहार एनडीए में कब होगा सीटों का बंटवारा? सम्राट चौधरी का दावा- NDA में ऑल इज वेल है

लोकसभा चुनाव की तारीखों को ऐलान कभी भी हो सकता है। इस बीच बिहार के दोनों गठबंधनों (महागठबंधन और एनडीए) में सीटों के बंटवारे को लेकर पेंच अभी तक फंसा हुआ है। हालांकि कयास लगाया जा रहा है कि इस सप्ताह कभी भी एनडीए में सीट बंटवारे का औपचारिक ऐलान हो सकता है। मंगलवार को सीट बंटवारे को लेकर एनडीए में जिस तरह की गतिविधियां तेज हुई, इससे इस कयास को बल मिला है कि एनडीए में सीट बंटवारे का पेच अब सुलझने ही वाला है। सीट बंटवारे को लेकर भाजपा लगातार अपने घटक दलों के साथ सम्पर्क में है।

मंगलवार को दिल्ली में बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े के आवास पर बिहार भाजपा के नेताओं के साथ बैठक हुई। उपमुख्यमंत्री सह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेन्द्र, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया इस बैठक में शामिल हुए। लगभग ढाई घंटे तक चली इस बैठक में बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर मंथन हुआ। पार्टी नेताओं ने सीट टू सीट बातचीत की। साथ ही सीटिंग सीटों में पर्यवेक्षकों से हर लोकसभा क्षेत्र के लिए आए चार-छह नामों में से तीन-तीन नाम भी छांटे गए। आलाकमान को हरेक लोकसभा क्षेत्र के लिए तीन-तीन नाम दिए जाएंगे। इन्हीं तीन नामों में से किसी एक को उम्मीदवार बनाया जाएगा।

बैठक के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एनडीए में ऑल इज वेल है। कहीं कोई समस्या नहीं है। लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के पहले एनडीए में सीटों का बंटवारा हो जाएगा। चिराग पासवान के सवाल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कोई कहीं नहीं जा रहे हैं। सब एनडीए में ही रहेंगे। सम्राट चौधरी मंगलवार की शाम पटना लौट आए। फिर एक-दो दिनों में वे दिल्ली जाएंगे।

एनडीए में कोई जिच नहीं
दिल्ली से लौटने पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी इसी तरह का दावा किया। उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा होने के पहले सीटों का बंटवारा हो जाएगा। एनडीए में कहीं कोई जिच नहीं है। चिराग पासवान के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सहयोगियों को सम्मान देती है। सबों को साथ लेकर भाजपा चलती है। इसलिए भाजपा के जो सहयोगी हैँ, वे भाजपा के साथ ही रहेंगे। कहीं कोई समस्या नहीं है। पीएम के साथ रहने में सबों को गर्व महसूस होता है। मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर उन्होंने कहा कि सीएम विदेश दौरे से आ गए हैं। जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा।