Saturday 13-Jun-2026

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में क्यों नहीं गए जीतनराम मांझी? खुद ही किया खुलासा

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में क्यों नहीं गए जीतनराम मांझी? खुद ही किया खुलासा

पटना, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।

उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में राजनीति, उद्योग, फिल्म, खेल और तमाम क्षेत्रों के दिग्गज शरीक हुए थे। बिहार से भी लालू परिवार ने भी अनंत-राधिका की शादी में शिरकत की थी। इस बीच बिहार के पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की ओर से एक ऐसा बयान सामने आया है, जिस पर राजनीतिक घमासान मच सकता है।

जहानाबाद में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि मुकेश अंबानी के बेटे के शादी में शामिल होने के लिए उनको भी निमंत्रण मिला था लेकिन वह नहीं गए. इसके पीछे की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि हम कह सकते हैं कि फूहड़ ड्रेस में वहां पर लोग थे। सारा अंग हमलोग देख रहे थे। वैसा हम अपनी बेटी और बहू को उस रूप में ले जाकर वहां रखते। जिस प्रकार से लोग सूट और पैंट पहनकर वहां पर जाकर कमर हिलाते या नाचते, वैसा हम करेंगे क्या?

मांझी ने आगे कहा कि ऐसा हम नहीं सोचे कि वैसा होना मेरे लिए ठीक नहीं है। इसलिए हम उनको अलग से शुभकामनाएं भेजवा दिए हैं और न्यौता हम भेजवा दिए हैं लेकिन हम इसलिए जाना उचित नहीं समझे कि उसी भव्यता और अमीरी के प्रदर्शन में एडजस्ट नहीं कर पाएंगे, इसलिए नहीं गए।