Thursday 30-Apr-2026

अपनी मौत की तारीख खुद तय कर रहा हूं... पत्नी गई पूजा करने, रिटायर्ड पेशकार पति ने लगा ली फांसी

अपनी मौत की तारीख खुद तय कर रहा हूं... पत्नी गई पूजा करने, रिटायर्ड पेशकार पति ने लगा ली फांसी

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

राजधानी पटना में सिविल कोर्ट से रिटायर्ड पेशकार ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मामला जक्कनपुर थाना क्षेत्र के पुरंदरपुर चौराहा इलाके का है। मृतक की पहचान कमल किशोर मेहरोत्रा (62 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। सुसाइड नोट में कमल किशोर ने आत्महत्या की वजह नहीं लिखी है।

जानकारी के अनुसार बुधवार की रात पत्नी ममता देवी पूजा करने मंदिर गई थी। इसी बीच घर में अकेला पाकर कमल किशोर किचन में फांसी के फंदे से झूल गए। पूजा कर जब पत्नी घर लौटी तो दरवाजे पर दस्तक दी। लेकिन काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खोलने पर घटना की सूचना जक्कनपुर पुलिस को दी गई। देर रात मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो पाया कि कमल किशोर का शव फंदे से लटक रहा है। गुरुवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा गया।

impact add2

मौके से पुलिस ने जो सुसाइड नोट बरामद किया है, उसमें कमल किशोर ने पुलिस उपाधीक्षक को संबंधित करते हुए लिखा है कि सभी को एक ना एक दिन जाना है। मैं अपनी मौत की तारीख खुद तय कर रहा हूं। इस घटना के लिए मेरी पत्नी और बच्चों को परेशान ना किया जाए। बताया गया है कि सेवानिवृत्ति के बाद से ही कमल किशोर परेशान चल रहे थे। पुलिस उनकी परेशानी की वजह का पता लगा रही है।

थानेदार ऋतुराज कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। आत्महत्या की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। कमल किशोर मेहरोत्रा पुरंदरपुर के कन्नू लाल रोड स्थित मकान में पत्नी ममता देवी के साथ रह रहे थे। वह दो वर्ष पहले सिविल कोर्ट से सेवानिवृत हुए थे। उनका एक बेटा है। वह पुणे में कानून की पढ़ाई कर रहा है।