Saturday 13-Jun-2026

सीमामढ़ी में रेप के प्रयास का केस वापस नहीं लेने पर महिला की गोली मारकर हत्या

सीमामढ़ी में रेप के प्रयास का केस वापस नहीं लेने पर महिला की गोली मारकर हत्या

बिहार के सीतामढ़ी में बेखौफ बदमाशों ने बुधवार की रात दुष्कर्म के प्रयास और अपहरण का केस वापस नहीं लेने पर महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। महिला अपने पति और ममेरे देवर के साथ बाइक से घर लौट रही थी। इस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने महिला को गोली मार दी। मृतका परिहार थाना क्षेत्र के अधखन्नी गांव की रहनेवाली थी।

सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ पुपरी अतनु दत्ता व थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पांडे के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के अलावा परिहार व बथनाहा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके से दो गोली, दो खोखे और एक पिलेट बरामद किए हैं।

मृतका के पति ने बताया कि वह पत्नी और रिश्तेदार के साथ अपनी फुआ के गांव बथनाहा के झलसी से जलाभिषेक और दर्शन के बाद रात करीब दस बजे बाइक से घर अधखन्नी लौट रहा था। बथनाहा गांव से निकलने के बाद जमुरा पुल के निकट पीछे से आ रही तीन बाइक ने उसका पीछा किया। उनमें से दो बाइक पर सवार चार लोग पंकज , नीरज, बिरजू और कुंदन ने उसकी बाइक को घेर तीनों को उतार लिया। इसके बाद पंकज ने उसकी पत्नी को गोली मार दी।