नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के कार्यकारी बोर्ड की चैंपियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम को लेकर बुलाई गई आपात बैठक में कोई सहमति नहीं बन पाई क्योंकि पाकिस्तान ‘हाइब्रिड मॉडल’ में इस प्रतियोगिता की मेजबानी नहीं करना चाहता है। बैठक शनिवार को फिर से होगी। बैठक संक्षिप्त रही क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने स्पष्ट किया कि भारतीय टीम को पाकिस्तान दौरे के लिए अपनी सरकार से मंजूरी नहीं मिलने के बावजूद उन्हें ‘हाइब्रिड मॉडल’ मंजूर नहीं है। हाइब्रिड मॉडल के अनुसार भारतीय टीम प्रतियोगिता के अपने मैच किसी अन्य स्थान पर खेलती।
दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पाकिस्तान के पास है, लेकिन भारतीय टीम ने पड़ोसी देश का दौरा करने से मना कर दिया है। जिसके बाद से ही विवाद चल रहा है कि टूर्नामेंट कब और कहां खेला जाएगा। जिसके चलते आईसीसी ने ये मीटिंग रखी थी। अब 30 नवंबर को होने वाली बैठक में इस टूर्नामेंट पर आखिरी फैसला आने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने साल 2008 के बाद एक बार भी पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कई समय से रिश्ते अच्छे नहीं हैं। इसी के चलते दोनों टीमों के बीच कोई सीरीज भी नहीं खेली जाती है। ऐसे में टीम इंडिया इस टूर्नामेंट को हाइब्रिड मॉडल पर खेलना चाहती है। वहीं, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हाल ही में आईसीसी को सूचित किया कि वह चैंपियंस ट्रॉफी के लिए हाइब्रिड मॉडल स्वीकार नहीं करेगा। बता दें, पाकिस्तान ने इससे पहले एशिया कप 2023 की मेजबानी भी की थी। तब भी टीम इंडिया ने अपने मैच पाकिस्तान की जगह श्रीलंका में खेले थे। टीम इंडिया इस बार भी ऐसा ही कुछ विकल्प चाहती है।