लखनऊ, इंपैक्ट लाइव टीम।
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर के बेटे अरविंद राजभर के फ्लैट से ड्राइवर ने करीब पौने तीन लाख रुपये चोरी कर लिए। साथ में सोने की चेन और अंगूठी भी चोरी कर ली। करीब दो माह पहले चोरी हुए रुपये अरविंद राजभर के कैंसर पीड़ित दूसरे ड्राइवर संजय राजभर के थे। इस संबंध में संजय ने मंगलवार दोपहर हुसैनगंज कोतवाली में आरोपित चालक और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण हुसैनगंज पुलिस तत्काल हरकत में आ गई और अंबेडकर नगर जिले की पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद आरोपित चालक को टांडा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से रुपये बरामद कर लिए। टांडा पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। हुसैनगंज थानाप्रभारी राम प्रकाश गुप्ता के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित टांडा के मोहिद्दीनपुर कोरई का रहने वाला रामजीत राजभर है। पुलिस टीम उसे कब्जे में लेने के लिए अंबेडकर नगर के लिए रवाना हो चुकी है।
इंस्पेक्टर के मुताबिक पीड़ित ड्राइवर संजय बलिया के रसड़ा कोटवारी गांव का रहने वाला है। वह मंत्री पुत्र के फ्लैट में रहकर उनकी गाड़ी चलाता था। रामजीत भी ड्राइवर था। संजय ने बताया है कि वह कैंसर पीड़ित है। सितंबरमें अपनी पत्नी के साथ यहां रहकर मेदांता से इलाज करा रहा था। दो सितंबर की सुबह नौ बजे पत्नी के साथ मेदांता में जांच कराने के लिए गया था। करीब 10 बजे रामजीत ने फोन कर फ्लैट की चाबी के बारे में पूछा। उसे बता दिया कि चाबी गार्ड के पास है। वह गार्ड से चाबी लेकर अपने साथी गोरख साहनी के साथ फ्लैट में गया। कुछ देर रुका और फिर ताला लगाकर चला गया।
संजय के मुताबिक शाम को वह पहुंचा तो फ्लैट की चाबी लेकर अंदर गया। वहां कमरे में बैग खुला पड़ा था। उसमें रखे 2.75 लाख रुपये, पत्नी की सोने की चेन और अंगूठी नदारद थी। संजय का आरोप है कि रामजीत और गोरख साहनी ने ही मिलकर चोरी की है। घटना की जानकारी उसने अरविंद राजभर को दी। इसके बाद थाने में तहरीर दी।
इंस्पेक्टर राम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि जांच पड़ताल के बाद तहरीर के आधार पर रामजीत और गोरख साहनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। रामजीत की लोकेशन के आधार पर घटना की जानकारी अंबेडकर नगर पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी गई। इसके बाद वहां की टांडा पुलिस ने रामजीत के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। एक पॉलीथीन में घर के अंदर रखे रुपये भी बरामद हो गए हैं। रामजीत को लखनऊ लाने के लिए पुलिस टीम भेजी गई है। गोरख की तलाश की जा रही है।