Wednesday 29-Apr-2026

प्रेमी के प्यार में अंधी हुई शादीशुदा महिला, बोली- घर से निकलते लिपट जाती थी बेटी, इसलिए मार डाला

प्रेमी के प्यार में अंधी हुई शादीशुदा महिला, बोली- घर से निकलते लिपट जाती थी बेटी, इसलिए मार डाला

मुजफ्फरपुर, इंपैक्ट लाइव टीम।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में साढ़े तीन साल की मासूम बेटी की गला रेतकर हत्या के बाद ट्रॉली बैग में शव रखकर फेंकने वाली हत्यारोपी मां काजल कुमारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे रामपुरहरि में प्रेमी के घर से रविवार रात करीब डेढ़ बजे गिरफ्तार किया गया। मिष्टी की हत्या का खुलासा करते हुए सिटी एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि महिला से प्रेमी के संबंध तो थे लेकिन मिष्टी की हत्या में प्रेमी की भूमिका नहीं मिली है। उसने काजल की हत्या करने को नहीं, बेटी को घर पर छोड़कर आने के लिए बोला था। पूछताछ के बाद हत्यारोपी काजल कुमारी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। वह चाकू भी जब्त कर लिया गया, जिससे काजल ने बेटी का गला रेता था। काजल के खिलाफ शीघ्र ही चार्जशीट दायर की जाएगी। स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलवाई जाएगी। बता दें कि बीते 24 अगस्त को रामबाग में ट्रॉली बैग से मिष्टी का शव मिला था।

पुलिस की पूछताछ में काजल ने कहा कि बेटी के कारण वह अपने प्रेमी के पास नहीं जा पा रही थी। जब भी घर से निकलती थी तो बेटी लिपट जाती थी। इसलिए उसने बेटी को मार दिया। फिर शव को ट्रॉली बैग में रखकर छत से घर के पीछे गड्ढे में फेंक दिया। इसके बाद मोबाइल फॉरमेट कर प्रेमी के पास रामपुरहरि गांव पहुंच गई। प्रेमी ने कहा था कि तुम अकेले आओगी तभी अपनाएंगे। प्रेम में अंधी हो चुकी काजल ने चाकू से मां की ममता का गला रेतकर घर से निकल गई। बोली- अब उसे बेटी के बगैर रातों में नींद नहीं आती है। बेटी उससे लिपटकर सोती थी। हत्या के बाद उसे अहसास हो रहा है कि वह बेटी के बगैर नहीं रह सकती। पुलिस के ज्यादा कुरेदने पर कहती है कि मैं जिंदा नहीं रहना चाहती, मुझे भी मार दो।

impact add3

काजल ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि बीते साल उसने बाबा गरीबनाथ मंदिर में शादी भी कर ली थी। इसकी जानकारी संजीत के परिवार वालों को भी है। संजीत गुजरात में है। वह सोमवार को आने वाला था। आने से पहले ही उसने काजल से बात की थी कि वह उसके घर पहुंच जाए। संजीत ने कहा था कि वह बेटी को लेकर नहीं आए, क्योंकि उसके परिवार वालों को नहीं पता है कि काजल पहले से ही शादीशुदा है। वह बेटी को लेकर जाएगी तो परिवार वाले स्वीकार नहीं करेंगे। अंत में उसने बेटी को ही रास्ते हटा दिया और संजीत के घर रामपुरहरि पहुंच गई, जहां से पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार किया।

गौरतलब है कि बीते 24 अगस्त को रामबाग में ट्रॉली बैग से साढ़े तीन साल की मिष्टी कुमारी का शव मिला था। मां काजल घर से गहना, आधार कार्ड और अपना अन्य सामान लेकर गायब थी। फास्ट फूड का कॉर्नर चलाने वाले पिता मनोज कुमार ने पत्नी पर बेटी की हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। एफएसएल जांच में घर के अंदर हत्या के साक्ष्य मिले थे। काजल के मोबाइल का अंतिम लोकेशन रामपुरहरि में मिला था। पुलिस रामपुरहरि इलाके में उसका सुराग ढूंढ रही थी। एफएसएल जांच में कमरे में, बेसिन में, फर्श पर, छत पर कुल सात जगहों पर खून के अंश मिले थे।

Advertisement

impact add2

Advertisement

impact add6