Wednesday 18-Feb-2026

झारखंड में ED की 17 ठिकानों पर छापेमारी, 2 बांग्लादेशी समेत 4 गिरफ्तार; बड़े सिंडिकेट का खुलासा

झारखंड में ED की 17 ठिकानों पर छापेमारी, 2 बांग्लादेशी समेत 4 गिरफ्तार; बड़े सिंडिकेट का खुलासा

रांची, इंपैक्ट लाइव टीम।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार को दो बांग्लादेशी नागरिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। ईडी ने मंगलवार को रांची, पाकुड़ और पश्चिम बंगाल के कुल 17 ठिकानों पर छापेमारी की थी। कोलकाता से दो बांग्लादेशियों रॉनी मंडल और समीर चौधरी के अलावा भारतीय नागरिक पिंटू हलधर और पिंकी बासु मुखर्जी को गिरफ्तार किया है। ईडी ने रॉनी और समीर के नाम पर बने फर्जी पासपोर्ट समेत अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

ईडी अधिकारियों के मुताबिक, रॉनी मंडल और समीर चौधरी भारत में नाम बदल कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने खुद के बांग्लादेशी होने की बात स्वीकार की है। रांची की ईडी टीम ने चारों संदिग्धों को कोलकाता की विशेष ईडी अदालत में बुधवार की देर शाम पेश किया। ट्रांजिट रिमांड की मंजूरी मिलते ही ईडी टीम उन्हें लेकर रांची के लिए रवाना हो गई। गुरुवार को ईडी की टीम चारों आरोपियों को रांची में लाएगी। इसके बाद कोर्ट में 14 दिनों की पूछताछ के लिए रिमांड का आवेदन दिया जाएगा।

impact add4

ईडी ने जांच में पाया है कि दोनों बांग्लादेशी रॉनी मंडल और समीर चौधरी बांग्लादेशी दलालों से संपर्क करते थे। देह व्यापार के लिए बांग्लादेशी दलाल वहां की लड़कियों को अवैध तरीके से भारत में घुसपैठ कराते थे। बंगाल पहुंचने के बाद पिंटू हलधर की मदद से फर्जी दस्तावेज बनाए जाते थे। जांच में पता चला है कि पिंकी बासु मुखर्जी द्वारा झारखंड-बिहार के दलालों से संपर्क कर उन्हें देह व्यापार के लिए भेजा जाता था। इसके बदले मोटे रकम की उगाही भी की जाती थी।

जून में रांची के होटल बॉली रिसार्ट से बांग्लादेशी लड़कियों की गिरफ्तारी हुई थी। इस दौरान कोलकाता की झूमा उर्फ मनीषा का नाम सामने आया था। जांच में पता चला है कि बांग्लादेशी नागरिकों का यही सिंडिकेट रांची में देह व्यापार के लिए लड़कियों को लेकर आया था। लड़कियों को होटल में रुकवाकर देह व्यापार में लगाया जाता था।

रांची के होटलों में छापेमारी के क्रम में भी देह व्यापार का खुलासा हुआ है। साथ ही कई ग्राहकों के विषय में भी ईडी को जानकारी मिली है। ईडी ने जांच के क्रम में कंप्यूटर सेट, मोबाइल समेत दर्जनों डिजिटल डिवाइस जब्त किए हैं। ईडी इस मामले को लेकर सख्त है।

Advertisement

impact add6

Advertisement

impact add4