रांची, इंपैक्ट लाइव टीम।
भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड सरकार को देवघर के एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग को हटाने का निर्देश दिया है। आयोग ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर देवघर एसपी के पद पर तैनात करने के लिए तीन आईपीएस अधिकारियों के नाम का पैनल मांगा है। इससे पहले लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान भी डुंगडुंग को निर्वाचन आयोग ने देवघर से ही चुनाव कार्य से हटाया था। उन पर एक दल विशेष के पक्ष में काम करने के आरोप पर कार्रवाई की गई थी। लोकसभा चुनाव के बाद फिर से उनकी पदस्थापना देवघर में की गई।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि झारखंड सरकार को देवघर एसपी को तत्काल हटाने का पत्र चला गया है। सरकार की ओर से तीन नामों का पैनल आने के बाद आयोग इस पर फैसला लेगा। उधर, सिदो-कान्हू के वंशज मंडल मुर्म को हिरासत में लेने के मामले में गिरिडीह एसपी विमल कुमार की भूमिका को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला बताया है। अगले एक-दो दिनों में आयोग गिरिडीह एसपी के खिलाफ भी कार्रवाई कर सकता है।