Wednesday 18-Feb-2026

Jharkhand Elections: 38 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी, हेमंत सोरेन समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

Jharkhand Elections: 38 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी, हेमंत सोरेन समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

रांची, इंपैक्ट लाइव टीम।

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 38 सीटों पर कई सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज ग्यारह बजे दिन तक 31.37 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने यहां बताया कि इन 38 विधानसभा क्षेत्र में आज सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू हुआ और ग्यारह बजे दिन तक 31.37 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट डाले। इन क्षेत्रों में शाम 5:00 बजे तक मतदान होगा जबकि 31 मतदान केंद्रों पर शाम 4:00 बजे तक ही मतदान होगा। दूसरे चरण में कुल 528 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसमें 472 पुरूष और 55 महिला उम्मीदवार हैं।एक जेंडर उम्मीदर भी चुनावी अखाड़े में है।

राज्य की 38 विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए अर्द्ध सैनिक बलों की 585 कंपनी और जैप की 60 कंपनियों को लगाया गया है।लगभग 30 हजार जिला बल और होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गई है। दूसरे चरण के लिए 1.23 करोड़ मतदाता हैं, जिसमें 62.8 लाख पुरुष और 61 लाख महिला और 145 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। दूसरे चरण में 14218 मतदान केंद्रों पर मतदान आज हो रहा है। सभी बूथों पर वेबसास्टिंग से नजर रखी जाएगी।

जिन विधानसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है उनमें राजमहल, बोरियो(अजजा), बरहेट (अजजा), लिट्टीपाड़ा (अजजा), पाकुड़, महेशपुर (अजजा), शिकारीपाड़ा (अजजा), नाला, जामताड़ा, दुमका (अजजा), जामा (अजजा), जरमुंडी, मधुपुर, सारठ, देवघर (अजा), पौड़ेयाहाट, गोड्डा, महगामा, रामगढ़, मांडू, धनवार, बगोदर, जमुआ (अजा), गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, बोकारो, चंदनकियारी (अजा), सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा, सिल्ली व खिजरी (अजजा) शामिल हैं।

impact add1

इन 38 विधानसभा सीटों के चुनाव में जिन प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत दाव पर आज लगी है उनमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो, ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, भाकपा माले के विनोद कुमार सिंह, विधानसभा में विपक्ष के नेता अमर कुमार बाउरी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो, पूर्व मंत्री स्टीफन मरांडी, भाजपा के लोबिन हेंब्रम, भाजपा के अनंत कुमार ओझा, कांग्रेस के जेपी भाई पटेल और जेएलकेएम के जय राम महतो शामिल हैं।

Advertisement

impact add3

Advertisement

impact add4