रांची, इंपैक्ट लाइव टीम।
झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को युवा आक्रोश रैली के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। राजधानी के मोरहाबादी मैदान से सीएम आवास जाने के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। पुलिस की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और वाटर कैनन से पानी की बौछार की गई। आक्सीजन पार्क के नजदीक पुलिस और भाजयुमो कार्यकर्ता के बीच झड़प हुई। पुलिस के द्वारा आंसू गैस के गोले छोड़े गए और पानी की बौछार किए गए, जिसमें बीजेपी के कई नेता कार्यकर्ता घायल हुए हैं। बीजेपी विधायक सीपी सिंह, संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह भी घायल हुए हैं।
हेमंत सरकार के खिलाफ आयोजित युवा आक्रोश रैली में भाग लेने आ रहे युवाओं को रोके जाने पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने नाराजगी जताते हुए कहा है कि युवाओं का आक्रोश बताता है कि हेमंत सोरेन सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित युवा आक्रोश रैली में भाग लेने पहुंचे बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जिस तरह से युवाओं को जगह-जगह रोका गया है इसके बावजूद इतनी संख्या में युवा पहुंचे हैं उससे साफ जाहिर होता है कि इस सरकार के खिलाफ किस कदर नाराजगी है।
इस बीच भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने राज्य सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि चाहे लाख कोशिश कर ले यह सरकार अब युवा मानने वाले नहीं हैं। पांच लाख नौकरी देने का वादा कर युवाओं को ठगने वाली इस सरकार से राज्य के युवा जवाब मांगना चाहते हैं। बता दें कि मोरहाबादी मैदान में चल रहे युवा आक्रोश रैली में बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता जुटे।