रांची, इंपैक्ट लाइव टीम।
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 38 सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार शाम पांच बजे मतदान शांतिपूर्ण समाप्त हो गया और इस दौरान 14218 मतदान केंद्रों पर 67.59 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम पांच बजे मतदान शांतिपूर्ण समाप्त हो गया और इस दौरान 14218 मतदान केंद्रों पर 67.59 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इन सीटों के चुनाव में जिन प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हुई उनमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो, ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, भाकपा माले के विनोद कुमार सिंह, विधानसभा में विपक्ष के नेता अमर कुमार बाउरी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो, पूर्व मंत्री स्टीफन मरांडी, भाजपा के लोबिन हेंब्रम, भाजपा के अनंत कुमार ओझा, कांग्रेस के जेपी भाई पटेल और जेएलकेएम के जय राम महतो शामिल हैं।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि इन 38 विधानसभा क्षेत्र में आज सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू हुआ और पांच बजे शाम समाप्त हो गया और इस दौरान 67.59 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन क्षेत्रों के 31 मतदान केंद्रों पर शाम 4:00 बजे शाम ही मतदान समाप्त हुआ था जबकि शेष मतदान केंद्रों पर पांच बजे शाम मतदान समाप्त हुआ ।दूसरे चरण के चुनाव में कुल 528 उम्मीदवार की किस्मत ईवीएम में आज बंद हो गई। इसमें 472 पुरूष और 55 महिला उम्मीदवार हैं जबकि एक जेंडर उम्मीदवार है।
इस बीच केंद्रीय मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो के साथ साझा पोस्ट में सांसद ने लिखा है कि गांडेय विधानसभा के डोकीडीह प्रखंड में बूथ संख्या 282 पर प्रशासन के सहयोग से अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं से समूह में मतदान करवाया जा रहा है, जो गुप्त मतदान के नियमों का सरासर उल्लंघन है। ऐसी ही अनियमितताएं अनेक स्थानों पर दिख रही हैं। इस पर चुनाव आयोग तत्काल संज्ञान ले।