Saturday 02-May-2026

सीएम योगी की कुर्सी जाने वाली है, दिल्ली वाले देख रहे हैं मौका; अखिलेश यादव का दावा

सीएम योगी की कुर्सी जाने वाली है, दिल्ली वाले देख रहे हैं मौका; अखिलेश यादव का दावा

मुरादाबाद, इंपैक्ट लाइव टीम।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री पढ़े-लिखे नहीं हैं, इसलिए वो पीडीए की भी गलत फुल फॉर्म बता रहे हैं। यही नहीं उन्होंने ये भी दावा किया कि जल्द ही उनकी कुर्सी जाने वाली है। मुरादाबाद के कुंदरकी में चुनावी जनसभा के दौरान अखिलेश यादव ने दावा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र चुनाव के बाद दिल्ली वाले उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटा देंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर प्रशासन ने बेईमानी नहीं की होती तो लोकसभा चुनाव में हमारी गिनती और बढ़ गयी होती। बीजेपी यूपी से आई है और यूपी से ही उनका सफाया होगा। इंडिया गठबंधन और पीडीए ने भाजपा को हरा दिया। बीजेपी के लोग नकारात्मक हैं इनकी सोच और राजनीति नकारात्मक है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री को अंग्रेजी नहीं आती है उन्होंने पीडीए का फॉर्म जो निकाला वह हमारी समझ में नहीं आ रहा। इसमें एच कहां से आ गया? ये पिछड़ों, दलितों, आदिवासी, अल्पसंख्यकों और माता बहनों से नफरत करते है। ये सरकार लाठी चला रही है लेकिन, लाठी चलाने वालों याद रख लो जैसी सेवा आप कर रहे हो वैसी सेवा आप को मिलेगी। यूपीपीएससी वालों पर लाठी चलाई जा रही है।

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो लोगों को जगह-जगह जाकर बता रहे हैं कि बंटोगे तो कटोगे। वो ये नारा अंग्रेजों से सीखकर आए हैं डिवाइड एंड रूल वाले लोग हैं। ये उन्हीं अंग्रेजों के वचन वंशी, विचार वंशी हैं। भाजपा वाले डर के व्यापारी है। भय का कारोबार कर रहे हैं पहले भी ये मुखबिरी करते थे आज भी ये चिल्ला-चिल्ला के मुखबिर बन गए है। वस्त्र से कोई संत नही बन जाता अपने विचारों और वचन से संत होता है। ये लोग जितना चुनाव टालेंगे उतना बुरा हारेंगे।

Advertisement

impact add6

Advertisement

impact add6