लखनऊ, इंपैक्ट लाइव टीम।
छठ पूजा पर घर पहुंचने की जल्दबाजी ने रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर चाक-चौबंद व्यवस्था बेपटरी कर दी है। रविवार को रेलवे स्टेशनों पर इतनी भीड़ उमड़ी कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। ट्रेनों में लोग खिड़कियों के सहारे घुसकर सीट कब्जाने की कवायद करते दिखे तो कई लोग जबरदस्ती ठूंसकर अंदर घुसते रहे। फिर भी सीट नसीब नहीं हुई। वहीं दीपावली के बाद दिल्ली और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में भी सीटों को लेकर मारामारी रही। आलम यह था कि कई ट्रेनों में मजबूरी में लोग खड़े होकर सफर करते दिखे। चारबाग, लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग, गोमतीनगर और बादशाहनगर रेलवे स्टेशनों पर सबसे ज्यादा भीड़ दिखी। खासकर दिल्ली और मुंबई से आने वाली मुकाबले कहीं ज्यादा थी।
दोपहर में चारबाग रेलवे स्टेशन पर बिहार की तरफ से आने वाली अधिकांश गाड़ियां ठीक से रुक ही नहीं पा रही थीं कि यात्री जान जोखिम में डालकर बोगियों में घुसने लगते। धक्का-मुक्की कर यात्री ट्रेन में सवार हुए और वेटिंग टिकट के बावजूद कन्फर्म सीट पर कब्जा कर लिया। प्लेटफॉर्म नंबर एक से सात तक यात्रियों का हुजूम दिखा। चारबाग स्टेशन से पंजाब मेल, जनता एक्सप्रेस, किसान, अर्चना, काशी विश्वनाथ और पद्मावत, नौंचदी में भीड़भाड़ रही। सीटों पर कब्जा करने के लिए धक्का मुक्की से लेकर मारपीट की स्थिति नजर आई। वहीं कैसरबाग, अवध, चारबाग और आलमबाग बस अड्डों पर भी यात्रियों की जबरदस्त भीड़ रही।
ये पूजा विशेष गाड़ियां लखनऊ से होकर गुजरेंगी
- 09044 गोरखपुर-दहानू रोड विशेष गाड़ी
- 04497 बलिया-आनन्द विहार टर्मिनल विशेष गाड़ी
- 04824 मऊ-जोधपुर विशेष गाड़ी
- 04037 आजमगढ़-दिल्ली विशेष गाड़ी
- 01124 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस विशेष गाड़ी
- 01080 गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस विशेष गाड़ी
- 01416 गोरखपुर-पुणे विशेष गाड़ी
- 05741 गोमतीनगर-न्यू जलपाईगुड़ी विशेष गाड़ी
- 05054 बांद्रा-गोरखपुर विशेष गाड़ी
- 05018 उधना-मऊ विशेष गाड़ी
- 05016 उधना-मऊ विशेष गाड़ी
- 02588 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर विशेष गाड़ी
- 04815 जोधपुर-मऊ विशेष गाड़ी
- 09043 बांद्रा-गोरखपुर विशेष गाड़ी
- 04498 आनन्द विहार टर्मिनस-बलिया विशेष गाड़ी
- 04038 दिल्ली-आजमगढ़ विशेष गाड़ी
- 01123 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर विशेष गाड़ी
- 01079 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-गोरखपुर विशेष गाड़ी
- 01415 पुणे-गोरखपुर विशेष गाड़ी
- 05742 न्यू जलपाईगुड़ी-गोमतीनगर विशेष गाड़ी
- 02270 लखनऊ-छपरा विशेष गाड़ी