Monday 22-Jun-2026

सपा-कांग्रेस के अंदर जिन्ना की आत्मा घुस गई, देश को बांटने का कर रहे काम; अलीगढ़ में विपक्ष पर जमकर बरसे सीएम योगी

सपा-कांग्रेस के अंदर जिन्ना की आत्मा घुस गई, देश को बांटने का कर रहे काम; अलीगढ़ में विपक्ष पर जमकर बरसे सीएम योगी

अलीगढ़, इंपैक्ट लाइव टीम।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के पदचिन्हों पर चल रही समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस समाज को बांटने का काम कर रही हैं। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, इनके अंदर 'जिन्ना' की आत्मा घुस गई है। जिला स्तरीय वृहद रोजगार मेला को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि आज जब देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है तब ये लोग समाज को तोड़ने का कार्य कर रहे हैं। 2014 में पीएम मोदी के आने के बाद से देश नई बुलंदियों की तरफ आगे बढ़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ समूचा विपक्ष समाज में जाति का विष घोल कर अराजकता फैलाने का कार्य कर रहा है।

सीएम योगी ने इस अवसर पर युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने के साथ ही विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपने समय में कोई काम नहीं किया, सिर्फ कारनामे किए आज उन्हें प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज पसंद नहीं आ रहा है। यही समाजवादी पार्टी के लोग हैं, जो कहते थे कि लड़के हैं और लड़कों से गलती हो जाती है। यही लोग हैं जो बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने का कार्य करते थे।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बेटी और व्यापारी के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए यमलोक का रास्ता खुला हुआ है। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया को बेटी सुरक्षा पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। अयोध्या, कन्नौज और कोलकाता की घटना पर उनकी जुबान नहीं खुलती है। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा के लोगों को जब भी सत्ता प्राप्त हुई तो सामाजिक ताने-बाने को छिन्न भिन्न करने का कार्य किया। अपनी योजनाओं के माध्यम से तुष्टिकरण करते थे और समाज को विकास की धारा से विमुख करने का कार्य करते थे।

impact add3

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। कांग्रेस ने नेता जी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभ भाई पटेल, डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी और महाराजा महेंद्र प्रताप सिंह जैसे राष्ट्र नायकों का अपमान किया है। भाजपा ही है, जो इन महापुरुषों को सम्मान देने का कार्य कर रही है। महाराजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर बना विश्वविद्यालय इसका उदाहरण है। कांग्रेस और सपा के लोगों को सिर्फ अपना परिवार दिखता है। डबल इंजन की सरकार किसी के साथ भेदभाव नहीं करती है। अराजकता, अव्यवस्था और गुंडागर्दी की छूट किसी को नहीं देंगे।

सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट था। आज यूपी की गिनती देश के अग्रणी राज्यों में होती है। इसलिए आप सब इस प्रगति को रुकने मत दीजिएगा, क्योंकि समाजवादी पार्टी के लोगों को अगर अवसर मिला तो वो प्रदेश में दंगा, लूटपाट और अराजकता फैलाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं हो सकता है। इसके साथ रोजगार भी आता है और इसकी आधारशिला सुरक्षा है। सुरक्षा के बिना सुशासन की स्थापना नहीं हो सकती है। पीएम मोदी की प्रेरणा से प्रदेश में रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त हो रहा है।

Advertisement

impact add3

Advertisement

impact add5