कन्नौज, इंपैक्ट लाइव टीम।
कन्नौज रेप केस में मुख्य आरोपी नवाब सिंह यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस मामले में डीएनए रिपोर्ट आ गई है। जांच में आरोपी नवाब सिंह का डीएनए सैंपल मैच हो गया है। घटना के मौके से फॉरेंसिक टीम ने लिए नमूने और डीएनए टेस्ट रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि है। पुलिस को डीएनए जांच की रिपोर्ट सौंप दी गई है, जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई शुरू करेगी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनन्द ने जानकारी देते हुए कहा कन्नौज रेप में मुख्य आरोप नवाब सिंह का डीएनए सैंपल मैच हो गया है। ये फॉरेंसिक रिपोर्ट कन्नौज पुलिस को मिल गई है, जिसमें नाबालिग पीड़िता से बलात्कार की पुष्टि हो गई है। इस मामले में विधि के द्वारा अगली कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि नवाब सिंह यादव पर आरोप है कि उसने अपने कॉलेज परिसर में नाबालिग के साथ रेप किया। लड़की को उसकी बुआ नौकरी दिलाने के नाम पर नवाब सिंह के पास लाई थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि बुआ ने इन आरोपों से इनकार किया था।
वहीं नवाब सिंह यादव के भाई नीलू यादव की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। अब तक पुलिस की चार टीमें तलाश कर रही थीं। अब पुलिस अधीक्षक ने आठ टीमें लगा दी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वह नीलू तक पहुंच जाएगी। वहीं, कटरी समेत आसपास के इलाकों में दबिश बढ़ा दी गई है। बता दें कि करीब 11 दिन का वक्त गुजर चुका है और रेप कांड में साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने का आरोपित नवाब का भाई नीलू अभी भी पुलिस को चकमा दे रहा है। पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी को हर संभव प्रयास कर रही है। अब तक इस मामले में पुलिस की चार टीमें नीलू की तलाश में कटरी से लेकर जिले के अन्य इलाकों में दबिश दे रही थीं।
वहीं, सर्विलांस के अलावा एसओजी को भी इसमें लगाया गया है। जैसे-जैसे दिन गुजर रहे हैं, पुलिस के लिए चुनौती बढ़ती जा रही है। पुलिस भी अब इस खेल को जल्द खत्म करते हुए नीलू की गिरफ्तारी के लिए और ताकत से आगे बढ़ रही है। मामले में अब एसपी अमित कुमार आनंद ने पुलिस की आठ टीमों को लगा दिया है। ये टीमें नीलू के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही उसके करीबियों पर नजर बनाए हुए है।
नीलू यादव की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस हर संभव कोशिश कर रही है। जहां एक ओर नीलू की तलाश में दबिश दी जा रही है तो वहीं दूसरी ओर उसके करीबी और मिलने वालों पर भी पुलिस की नजर टिकी है। सूत्रों की मानें तो पुलिस करीब सात से आठ लोगों से नीलू के बारे में पूछताछ कर चुकी है।