रांची, इंपैक्ट लाइव टीम।
Jharkhand assembly elections: झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 43 विधानसभा सीटों के लिए 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इनमें 31 विधानसभा क्षेत्रों के 950 मतदान केंद्र ऐेसे हैं, जहां सुबह सात से शाम चार बजे तक मतदान होगा, जबकि सभी 43 विधानसभा के 14,394 मतदान केंद्रों पर सुबह सात से शाम पांच बजे तक वोट डाले जा सकेंगे। इसमें सबसे ज्यादा मनोहरपुर में 184, जगरनाथपुर में 89, चक्रधरपुर में 61, तमाड़ में 57, गुमला में 52, लोहरदगा में 48 और चाईबासा में 46 बूथों पर चार बजे तक मतदान होगा। कोडरमा, बरकट्टा, बरही, हजारीबाग, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिम, मझंगांव, रांची, हटिया, सिसई, पांकी और भवनाथपुर के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि पहले चरण में कुल 43 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। उसमें से 17 सीट सामान्य, 20 अनुसूचित जनजाति और छह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इन 43 सीटों से 683 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें 609 पुरुष, 73 महिला और एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर के हैं। पहले चरण के चुनाव के लिए कुल 15,344 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। इनमें से 12,716 बूथ ग्रामीण और 2,628 बूथ शहरी क्षेत्र में स्थित हैं। पहले चरण में 50 बूथ यूनिक कैटेगरी में हैं। 1,152 मतदान केंद्रों पर मतदान की पूरी प्रक्रिया का जिम्मा महिलाओं के हाथों में रहेगा। जबकि, 23 बूथों की जिम्मेदारी युवा और 24 बूथों का जिम्मा दिव्यांग लोग संभालेंगे।
के. रवि कुमार ने कहा कि मतदान की निजता अनिवार्य है। इस स्थिति में मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल ले जाते, फोटो लेते और वीडियो बनाते पकड़े जाने पर सजा का भी प्रावधान है। लोकसभा चुनाव में ऐसे मामले पकड़ में आने के बाद कार्रवाई भी की गयी थी। उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने से अब तक कुल 179 करोड़ 14 लाख की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की गयी है। वहीं, अब तक 54 केस हुए हैं।
13 नवंबर को पहले चरण के मतदान के लिए प्रत्याशियों को कैंप लगाने की सक्षम पदाधिकारी से अनुमति लेनी होगी। यह कैंप मतदान केंद्र की 200 मीटर की परिधि के बाहर होगा। धार्मिक स्थल या अतिक्रमित स्थान पर कैंप नहीं लगाया जा सकेगा। कैंप में प्रत्याशी से जुड़ा झंडा-बैनर, सिंबल, फोटो लगाने पर भी पाबंदी होगी। प्रत्याशी कैंप में सिर्फ एक टेबल और दो कुर्सी रख सकते हैं। वहां खान-पान भी प्रतिबंधित रहेगा।
पहले चरण में इनकी प्रतिष्ठा दांव पर
सरायकेला चंपाई सोरेन
गढ़वा मिथिलेश ठाकुर
लोहरदगा डॉ रामेश्वर उरांव
जमशेदपुर प. बन्ना गुप्ता-सरयू
चाईबासा दीपक बिरुआ
लातेहार बैद्यनाथ राम
कोडरमा नीरा यादव
बड़कागांव अंबा प्रसाद
रांची सीपी सिंह
मांडर शिल्पी नेहा तिर्की
हटिया नवीन जायसवाल
कोलेबिरा विक्सल कोंगाड़ी
सिमडेगा भूषण बाड़ा
मनिका रामचंद्र सिंह
डाल्टनगंज आलोक चौरसिया
विशुनपुर चमरा लिंडा
जगरनाथपुर गीता कोड़ा
बरही उमाशंकर अकेला
बहरागोड़ा समीर मोहंती
घाटशिला रामदास सोरेन
जुगसलाई मंगल कालिंदी
ईचागढ़ सविता महतो
खरसावां दशरथ गागराई
गुमला भूषण तिर्की
सिसई जिग्गा सुसारण
खूंटी नीलकंठ सिंह मुंडा
बिशुनपुर चमरा लिंडा
विश्रामपुर रामचंद्र चंद्रवंशी
हुसैनाबाद कमलेश सिंह
भवनाथपुर भानू प्रताप शाही
मतदान के दौरान निजता भंग न हो