Saturday 19-Sep-2026

जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही सपा के दरिंदे कभी ठीक नहीं हो सकते: सीएम योगी

जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही सपा के दरिंदे कभी ठीक नहीं हो सकते: सीएम योगी

अयोध्या, इंपैक्ट लाइव टीम।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि भू-माफियाओं के खिलाफ सरकार कार्रवाई कर रही है तो इनके सरगना को तकलीफ हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही समाजवादी पार्टी के दरिंदे, जो बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, वे भी कभी ठीक नहीं हो सकते। इनको कानून के दायरे में लाकर हमारी सरकार वही कार्य कर रही है, जिसके ये पात्र हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिल्कीपुर के विद्या मंदिर इंटर कालेज में 83 करोड़ की 37 योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान सीएम योगी ने सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन लोगों ने अयोध्या को राम भक्तों के लहू से सींचने का काम किया है, वो आज अयोध्या में जमीन घोटाले का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में कोई जमीन घोटाला नहीं हुआ है, बल्कि विकास परियोजनाओं के लिए ली गई जमीन के बदले 1,700 करोड़ रुपये का मुआवजा लोगों को दिया गया है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होने से करोड़ों राम भक्त प्रभु श्रीराम के दर्शन कर रहे हैं। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने से सुरक्षा और विकास का वातावरण बना है।

सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में निवेश के लिए 40 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले हैं। अब प्रदेश में नौकरियों की कोई कमी नहीं है। डबल इंजन की सरकार ने साढ़े छह लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस को दंगा फैलाने का अवसर मत दो। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि पहले बबुआ बारह बजे तक सोता था। उसके गुर्गे प्रदेश लूटते थे। गरीब का राशन समाजवादी पार्टी के गुंडे हजम कर जाते थे। किसी गरीब को राशन नहीं मिलता था। जो जितना बड़ा गुंडा था, समाजवादी पार्टी में उसका स्वागत था।

impact add5

Advertisement

impact add3

Advertisement

impact add5