Tuesday 14-Apr-2026

लाल टोपी वाले काले कारनामे करते हैं, आप सब परिचित हैं; सीएम योगी ने सपा पर लगाए गंभीर आरोप

लाल टोपी वाले काले कारनामे करते हैं, आप सब परिचित हैं; सीएम योगी ने सपा पर लगाए गंभीर आरोप

कानपुर, इंपैक्ट लाइव टीम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि समाजवादी पार्टी की टोपी लाल, लेकिन कारनामे काले हैं। कानपुर के लिये 750 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के अवसर पर राजकीय इंटर कालेज में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम योगी के निशाने पर कांग्रेस और सपा रहीं। उन्होंने कहा कि सपा के कारनामों से हर कोई परिचित है। इतिहास के पन्नों को उलटेंगे तो काले कारनामों से इनका इतिहास भरा है वहीं यहां से चंद कदम की दूरी पर लाल ईमली जो कभी कानपुर की पहचान हुआ करती थी, वह कांग्रेस के भ्रष्टाचार की प्रतीक बनी खड़ी है।

अवैध कब्जे के कारण सजा काट रहे सपा के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी का नाम लिये बगैर उन्होने कहा कि इनकी वजह से सीसामऊ की जनता को उपचुनाव का सामना करना पड़ रहा है। सपा के लोग इतिहास की पुनरावृत्ति कर रहे हैं। गुंडागर्दी, अराजकता, बेटी-व्यापारी की सुरक्षा पर खतरा पैदा करना इनकी पहचान थी। इनका दिखाने वाला और असली चेहरा अलग है। मुख्यमंत्री ने एक हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र, 5027 लाभार्थियों को 191 करोड़ का ऋण और 8087 युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित किया और लोकसभा चुनाव में कानपुर से रमेश अवस्थी व अकबरपुर से देवेंद्र सिंह 'भोले' की जीत के लिए आभार जताया।

'गरीबों की संपत्ति पर कब्जा व दंगे भड़काती है सपा'
सीएम योगी ने कहा कि सपा वाले गरीबों की संपत्ति पर कब्जा व दंगे भड़काते हैं। यहां उस दिन दंगे भड़काने की साजिश हो रही थी, जब इसी माटी के सपूत राष्ट्रपति कानपुर आए थे, तब सीसामऊ का सपा विधायक सीसामऊ व कानपुर को दंगे की आग में झोंकने की साजिश कर रहा था। अब वह अपने कृत्यों की सजा भुगत रहा है। जनता-जनार्दन ने जनादेश पांच वर्ष के लिए दिया, लेकिन अब उपचुनाव झेलना पड़ रहा है। जब भी मौका मिलता है तो सपा अराजकता की मंशा को जाया नहीं होने देती।

'अयोध्या में सपा नेता निषाद बेटी की इज्जत से खिलवाड़ करता है'
उन्होंने कहा कि अयोध्या में सपा नेता निषाद बेटी की इज्जत से खिलवाड़ करता है, लेकिन सपा मुखिया बेशर्म के खिलाफ कार्रवाई की बजाय बेशर्मी से उसका समर्थन कर रहे थे। लखनऊ में एक बेटी पिता के साथ बाइक से जा रही थी, लेकिन बरसात में पानी भरने पर सपा के गुंडे बेटी को गिराने का कार्य करते थे। तब इनके एक नेता ने सदन में कहा था कि सद्भावना ट्रेन चलनी चाहिए, तब मैंने कहा कि माफिया-गुंडों के लिए सद्भावना नहीं, बुलेट ट्रेन चलेगी। उन्होंने कहा कि सपा का तीसरा मॉडल कन्नौज में दिखा। नवाब ब्रांड ही इनकी असली पहचान है। यह अनैतिक तरीके से अर्जित की गई संपत्ति के माध्यम से बेटियों के इज्जत के साथ खिलवाड़ करते हैं। यह आरोपी भी सपा से जुड़ा है। इनके पन्नों को उलटेंगे तो काले कारनामों से इनका इतिहास भरा है। समाजवादी पार्टी की टोपी लाल, लेकिन कारनामे काले हैं।

'2017 से पहले यूपी पहचान के लिए मोहताज था'
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार सुरक्षा, सुशासन व विकास का मॉडल दिया है। आपका वर्तमान उज्ज्वल और भविष्य की नई आकांक्षा के साथ आगे बढ़े। इस विश्वास के साथ डबल इंजन सरकार प्रदेश में कार्य कर रही है। 2017 के पहले के उत्तर प्रदेश पहचान के लिए मोहताज था। अराजकता-गुंडागर्दी यूपी की पहचान बन चुकी है। त्योहारों के पहले दंगे होते थे। बेटी-व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। प्रदेश में कोई आना नहीं चाहता था, नौजवान यूपी के बाहर जाता था, उसके सामने पहचान का संकट था। पीएम मोदी के आह्वान पर जनता ने 2017 में प्रदेश में भाजपा को जनादेश दिया। साढ़े सात वर्ष में प्रदेश ने लंबी दूरी तय की। विकास, सुशासन, कानून व्यवस्था का मॉडल अब उत्तर प्रदेश तय करता है।

'युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले जेल में'
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल इमली कानपुर की पहचान बन चुकी थी, लेकिन यह बंद हो गई है। यह कांग्रेस के बेईमानी व भ्रष्टाचार का स्मारक बन चुका है। नौजवानों को यहां नौकरी व रोजगार मिलना चाहिए था। हजारों लोगों के परिवार का पेट भरा जाना चाहिए था, लेकिन आज वह लाल इमली इनके भ्रष्टाचार का स्मारक बनकर चिढ़ा रही है। हमारी सरकार लाल इमली के पुनरोद्धार के बड़े पैकेज के साथ बढ़ने जा रही है। हमारी सरकार ने सिक यूनिट को पूरी लैंड व पुनरोद्धार के पैकेज का कार्य बढ़ाया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिना सिफारिश और घूस दिए साढे़ सात वर्ष में साढ़े छह लाख नौजवानों ने सरकारी नौकरी प्राप्त की। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को सरकार सीधे जेल में डालती है। उनके बाप-दादा, पुरखों की जमीन जब्त करके गरीबों में बंटवा रहे हैं। युवाओं के नौजवानों के हाथ को काम चाहिए।

Advertisement

impact add3

Advertisement

impact add4