इंपैक्ट लाइव टीम पटना : बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़े पैमाने पर फेरबदल देखने को मिल रहा है। सोमवार को बिहार सरकार ने विभिन्न विभागों में 500 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले का आदेश जारी किया। इस तबादले में कई जिलों के जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ), जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और अंचलाधिकारी (सीओ) शामिल हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य प्रशासन को और चुस्त-दुरुस्त करना तथा क्षेत्रीय संतुलन सुनिश्चित करना बताया गया है।
शिक्षा विभाग में करीब पांच दर्जन अधिकारियों का तबादला किया गया है। इसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) स्तर के 12, डीपीटीओ स्तर के 27 और विभिन्न बोर्डों में 13 पदाधिकारियों का स्थानांतरण शामिल है। नालंदा के जिला शिक्षा अधिकारी राजकुमार को पटना प्रमंडल में क्षेत्रीय उपशिक्षा निदेशक बनाया गया है, जबकि साकेत रंजन को पटना का नया जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
परिवहन विभाग ने भी तीन जिलों के जिला परिवहन अधिकारियों (डीटीओ) का तबादला किया है। शशि शेखरम को गोपालगंज, रामबाबू को मधुबनी और रवि रंजन को कैमूर का जिला परिवहन पदाधिकारी बनाया गया है। शशि शेखरम को सुपौल डीटीओ और रवि रंजन को सीवान डीटीओ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए 117 अंचलाधिकारियों (सीओ) और राजस्व कर्मचारियों का तबादला किया है। इनमें 72 अंचलाधिकारियों का स्थानांतरण और नई पोस्टिंग शामिल है। इसके अलावा, 45 नवनियुक्त राजस्व कर्मचारियों को प्रोन्नति देकर राजस्व अधिकारी बनाया गया है और उन्हें राज्य के विभिन्न अंचलों में तैनात किया गया है।बिहार सरकार ने इन तबादलों को प्रशासनिक कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए जरूरी बताया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा तय की गई व्यवस्था के तहत हर साल जून महीने में बड़े पैमाने पर तबादले किए जाते हैं। इस बार भी 30 जून तक कई विभागों में तबादले की प्रक्रिया पूरी की गई। सरकार का कहना है कि इन फेरबदल से प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और विधानसभा चुनाव से पहले व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।पिछले कुछ हफ्तों में बिहार में कई अन्य विभागों में भी तबादले हुए हैं। जून में बिहार प्रशासनिक सेवा (बीएएस) के 105 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गईं, जिनमें 59 अधिकारी वेटिंग लिस्ट में थे। इसके अलावा, 18 आईपीएस, 19 डीएसपी और 43 आईएएस अधिकारियों के तबादले भी हाल ही में किए गए हैं।