Saturday 09-May-2026

बिहार में बालू आपूर्ति बनी रहेगी जारी, डिप्टी सीएम ने विकास योजनाओं के लिए उठाए ठोस कदम

बिहार में बालू आपूर्ति बनी रहेगी जारी, डिप्टी सीएम ने विकास योजनाओं के लिए उठाए ठोस कदम

इम्पैक्ट लाइव टीम

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने खनन विभाग से जुड़ी योजनाओं और बालू आपूर्ति को लेकर अहम घोषणाएं की हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में मानसून के कारण हर साल 15 जून से बालू घाटों को बंद किया जाता है, लेकिन इस बार विकास कार्यों को बाधित होने से बचाने के लिए 15 जून के बाद भी 180 घाटों से बालू की आपूर्ति जारी रखी जाएगी। साथ ही सफेद बालू की उपलब्धता 18 चिन्हित घाटों से निर्धारित दरों पर सुनिश्चित की जाएगी। जिन सरकारी विभागों को निर्माण कार्यों के लिए बालू की आवश्यकता होगी, उन्हें खनन पट्टा भी दिया जाएगा, जिससे समय पर कार्य पूर्ण हो सके। उपमुख्यमंत्री ने खनन विभाग को पूरी तरह सक्षम बताते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि बालू, गिट्टी और मिट्टी की आपूर्ति को लेकर कोई लापरवाही न बरतें।

डिप्टी सीएम ने यह भी बताया कि चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में अब तक राज्य को खनन से 3569 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो निर्धारित लक्ष्य से अधिक है। उन्होंने जानकारी दी कि जिन 37 बालू घाटों को पूर्व में सरेंडर किया गया था, उनमें से 29 घाटों की नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और 14 घाटों की नीलामी पूरी हो गई है। वहीं, पिला बालू के 457 में से 161 घाट वर्तमान में चालू हैं। सरेंडर किए गए घाटों के खिलाफ आर्थिक दंड और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विजय सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से चर्चा कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बिहार का राजस्व किसी भी हाल में दूसरे राज्यों में न जाए। यह निर्णय राज्य में विकास और राजस्व वृद्धि दोनों लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए एक ठोस पहल मानी जा रही है।

Advertisement

impact add4

Advertisement

impact add1