इम्पैक्ट लाइव टीम पटना : बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार की देर रात मशहूर उद्योगपति और भारतीय जनता पार्टी के नेता गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या ने राज्य में सनसनी मचा दी है। इस घटना के बाद पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “नीतीश बख्श दें बिहार को।” इस बयान ने बिहार की सियासत में हलचल पैदा कर दी है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।गोपाल खेमका की हत्या की खबर मिलते ही पप्पू यादव देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और खेमका परिवार से मुलाकात की। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, जैसे ही मुझे खबर मिली, मैं वहां पहुंचा। लेकिन इस क्रूर महा-गुंडा राज में कोई सुरक्षित नहीं है। बिहार अपराधियों का अड्डा बन गया है। नीतीश जी, कृपया बिहार को बख्श दें।
पप्पू यादव ने एक अन्य पोस्ट में भावुक होकर कहा, सात साल पहले गोपाल खेमका जी के बेटे गुंजन खेमका की हत्या हुई थी। मैं तब भी परिवार को न्याय का भरोसा देने गया था। अगर उस समय सरकार ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की होती, तो आज गोपाल खेमका जी की हत्या नहीं होती। इस बच्चे को मैं क्या दिलासा दूं?यह बयान खेमका परिवार की दोहरी त्रासदी की ओर इशारा करता है, क्योंकि 2018 में गोपाल खेमका के बेटे गुंजन की भी हाजीपुर में गोली मारकर हत्या की गई थी।
पप्पू यादव ने अपनी पोस्ट में बिहार में महा-गुंडा राज की बात कही और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, पटना जैसे वीआईपी जोन में इतना बड़ा कांड! बिहार पुलिस को शर्म से पानी में नाक रगड़कर आत्महत्या कर लेनी चाहिए।यह बयान उनकी नाराजगी और बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के प्रति उनके गुस्से को दर्शाता है।गोपाल खेमका की हत्या के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को डीजीपी विनय कुमार और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए और अगर कोई साजिश है, तो उसकी भी गहन जांच की जाए। नीतीश ने कहा, अपराध के कारणों की पूरी तहकीकात करें और दोषियों पर बिना भेदभाव के सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
यह हत्याकांड इसलिए भी और दुखद है, क्योंकि 2018 में गोपाल खेमका के बड़े बेटे गुंजन खेमका की भी हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री के पास गोली मारकर हत्या की गई थी। उस मामले में भी हत्यारा पकड़ा नहीं गया, जिसे पप्पू यादव ने अपनी पोस्ट में उजागर किया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने गुंजन की हत्या के समय सख्त कदम उठाए होते, तो शायद यह दूसरी त्रासदी टल सकती थी।