Tuesday 14-Apr-2026

नीतीश कुमार और आनंद मोहन की सियासी मुलाकात पर बवाल,बिहार की राजनीति में हलचल

नीतीश कुमार और आनंद मोहन की सियासी मुलाकात पर बवाल,बिहार की राजनीति में हलचल

इम्पैक्ट लाइव टीम पटना : बिहार की सियासत में एक बार फिर तूफान मच गया है, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गैंगस्टर से नेता बने पूर्व सांसद आनंद मोहन और पूर्व विधायक अनंत सिंह से अपने सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल को गर्म कर दिया है। विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने इस मुलाकात पर तीखा हमला बोला, जिससे यह मामला और विवादास्पद हो गया है। आनंद मोहन ने भी तेजस्वी के बयानों पर पलटवार करते हुए तंज कसा, जिससे बिहार की राजनीति में नया विवाद छिड़ गया है।शनिवार को पटना के 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर नीतीश कुमार ने पहले मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह और फिर आनंद मोहन से मुलाकात की। आनंद मोहन अपनी पत्नी और शिवहर से जेडीयू सांसद लवली आनंद और बेटे व आरजेडी विधायक चेतन आनंद के साथ नीतीश से मिलने पहुंचे। यह मुलाकात बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुई है, जिसके चलते इसे सियासी दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है।

 इस मुलाकात पर राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने नीतीश कुमार पर अप्रत्यक्ष रूप से हमला बोलते हुए कहा, “मैं इन पर टिप्पणी नहीं करना चाहता… ये लोग सिर्फ AK-47 की भाषा समझते हैं। सरकार इनके घर से AK-47 जब्त करती है और वही सरकार इन्हें रिहा भी करती है।” तेजस्वी का इशारा अनंत सिंह और आनंद मोहन की ओर था, जिनका आपराधिक इतिहास रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता सब जानती है और चुनाव में इसका जवाब देगी।तेजस्वी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शाह विकास, बेरोजगारी, और गरीबी जैसे मुद्दों पर बात करने से बचते हैं और केवल नकारात्मक राजनीति करते हैं। तेजस्वी ने चिराग पासवान के जनसंपर्क कार्यक्रम को सकारात्मक बताते हुए कहा कि नेताओं को जनता के बीच जाना चाहिए।

 मुलाकात के बाद आनंद मोहन ने मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव के दावों पर तंज कसा। जब उनसे पूछा गया कि तेजस्वी महागठबंधन की सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं, तो उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “आप जाकर मिठाई बांट दीजिए।” तेजस्वी के नौकरी देने के वादों पर आनंद मोहन ने कहा, “उनके माता-पिता के शासन में तो किसी को नौकरी नहीं मिली, अब देखना होगा कि आगे क्या होता है।” तेजस्वी की योजनाओं की नकल के सवाल पर उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “ठीक है, तेजस्वी यादव थिंक टैंक हैं।”आनंद मोहन ने सीतामढ़ी में मां सीता के मंदिर के शिलान्यास को बिहार, मिथिला, और देश के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने इसे सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण कदम करार दिया।राजद इस मुद्दे को लेकर नीतीश सरकार को घेरने की पूरी कोशिश कर रहा है। तेजस्वी के बयानों से साफ है कि वे इस मुलाकात को अपराधियों को संरक्षण देने के रूप में प्रचारित करेंगे। दूसरी ओर, नीतीश कुमार और जेडीयू की ओर से इस मुलाकात पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह मुलाकात चुनावी रणनीति का हिस्सा है।

Advertisement

impact add6

Advertisement

impact add4