इंपैक्ट लाइव टीम पटना :बिहार पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह प्रतिष्ठित खेल आयोजन 4 मई से 15 मई 2025 तक राज्य के पांच शहरों—पटना, राजगीर (नालंदा), गया, भागलपुर और बेगूसराय में आयोजित होगा। इस मेगा इवेंट का उद्घाटन 4 मई को पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस समारोह में मौजूद रहेंगे।बिहार को पहली बार इस राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है, जो राज्य के लिए गर्व का विषय है। यह आयोजन बिहार को खेल के नक्शे पर एक नई पहचान दिलाने का मौका देगा।इस बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 28 विभिन्न खेलों में प्रतिस्पर्धाएं होंगी, जिनमें तीरंदाजी, बैडमिंटन, फेंसिंग, जूडो, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, साइकिलिंग, और सेपक टकरा जैसे खेल शामिल हैं।देश भर के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 10,000 खिलाड़ी इस आयोजन में भाग लेंगे, जो युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।आयोजन के दौरान दो गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की योजना है, जिसमें विश्व की सबसे बड़ी मधुबनी पेंटिंग का प्रदर्शन भी शामिल है।
उद्घाटन समारोह और कई प्रमुख खेलों जैसे जूडो पटना के ज्ञान भवन में 5-8 मई तक चलेगा ।तीरंदाजी और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं भागलपुर के सैंडिस मैदान में होंगी, जहां बारिश के बावजूद तैयारियां पूरी की गई हैं।फेंसिंग प्रतियोगिताएं 11 से 15 मई तक राजगीर में आयोजित होंगी।फुटबॉल प्रतियोगिताएं बेगूसराय के यमुना भगत स्टेडियम और अन्य स्थानों पर होंगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आयोजन की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया है। उन्होंने बोधगया में 136 करोड़ रुपये की लागत से बने महाबोधि अतिथिगृह का उद्घाटन किया, जो खिलाड़ियों और विशिष्ट अतिथियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिसमें सड़कों पर पुलिस तैनात की गई है।
खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने बेगूसराय में स्टेडियम की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने कहा, यह आयोजन बिहार के लिए गर्व का क्षण है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा और राज्य की खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के प्रचार के लिए 15 अप्रैल से शुरू हुई मशाल गौरव यात्रा बिहार के 25 जिलों से गुजरी। गया, सीवान, मधेपुरा, वैशाली, और दरभंगा जैसे जिलों में इसका भव्य स्वागत किया गया। इस यात्रा ने युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।