पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय बिहार दौरे पर राजधानी पटना पहुचेंगे। शाम करीब 4 बजे उनका आगमन जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर होगा, जहां वो नवनिर्मित अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। यह टर्मिनल लगभग 65,150 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है और इसकी सालाना यात्री क्षमता 1 करोड़ तक है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री बिहटा हवाई अड्डे के लिए 1,410 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए सिविल एन्क्लेव की आधारशिला भी रखेंगे। यह परियोजना विशेष रूप से पटना के शैक्षणिक और आवासीय क्षेत्रों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 2,613 करोड़ रुपये है, जिससे राज्य में हवाई यातायात, पर्यटन, व्यापार और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
उद्घाटन समारोह के पश्चात प्रधानमंत्री मोदी पटना एयरपोर्ट से बीजेपी राज्य मुख्यालय तक एक भव्य रोड शो करेंगे। यह रोड शो शाम 5 बजे से शुरू होकर करीब 8 बजे तक चलेगा। इस दौरान पूरे मार्ग में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए है और ट्रैफिक पर भी आंशिक प्रतिबंध लागू रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी पटना में बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे और संगठन की मजबूती तथा आगामी चुनावी रणनीतियों पर विचार साझा करेंगे। रात्रि विश्राम के लिए प्रधानमंत्री राजभवन में ठहरेंगे।
अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 30 मई को प्रधानमंत्री रोहतास जिले के बिक्रमगंज जाएंगे, जहां वह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे 50,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पहली बार बिहार पहुंचे हैं, और इस दौरे को प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।