Wednesday 10-Dec-2025

राहुल गांधी का बिहार दौरा: जातीय जनगणना का वादा

राहुल गांधी का बिहार दौरा: जातीय जनगणना का वादा

पटना: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को बिहार के बेगूसराय में एक जनसभा को संबोधित करते हुए देश भर में जातीय जनगणना कराने का अपना पुराना वादा दोहराया। यह दौरा बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और INDIA गठबंधन की रणनीति को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राहुल ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और बिहार की नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जातीय जनगणना सामाजिक न्याय की दिशा में पहला कदम है, जिसे उनकी पार्टी सत्ता में आने पर पूरा करेगी।राहुल गांधी ने बेगूसराय के एक मैदान में हजारों समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, 'क्या आपने कभी सोचा कि गरीब कौन हैं? उनकी संख्या कितनी है और उनकी हालत क्या है? बिहार में हुई जातीय जनगणना ने दिखाया कि 88% गरीब आबादी दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों से आती है। यह देश का एक छोटा सा नमूना है। हमें पूरे देश में यह जानना होगा कि गरीबों की असली स्थिति क्या है।'उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस जातीय जनगणना और आर्थिक सर्वेक्षण कराएगी, जिसके आधार पर 50% आरक्षण की सीमा को खत्म किया जाएगा।राहुल ने बिहार में नीतीश कुमार सरकार द्वारा कराई गई जातीय जनगणना को “नकली” करार दिया। उन्होंने कहा, ‘बिहार में जो सर्वे हुआ, वह लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए था। हम ऐसा नहीं करेंगे। हमारी जनगणना सच्चाई सामने लाएगी और हर वर्ग को उसका हक दिलाएगी।’यह बयान नीतीश कुमार और उनकी सहयोगी भाजपा के लिए चुनौती बन सकता है, क्योंकि बिहार में जातीय जनगणना का मुद्दा पहले से ही विवादों में रहा है।राहुल गांधी ने अपने भाषण में सामाजिक न्याय पर जोर देते हुए कहा, ‘जातीय जनगणना देश का एक्स-रे है। यह हमें बताएगा कि सत्ता, संपत्ति और संसाधनों में किसका कितना हिस्सा है। आज 90% आबादी व्यवस्था से बाहर है। हम इसे बदलेंगे।’उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस जातीय जनगणना के खिलाफ हैं, क्योंकि इससे दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की वास्तविक स्थिति उजागर होगी।

राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियाँ जोरों पर हैं। उनके बयानों ने राजद और कांग्रेस के गठबंधन को नई ऊर्जा दी है, वहीं जदयू और भाजपा ने इसे “चुनावी स्टंट” करार दिया। जदयू नेता विजय कुमार चौधरी ने कहा, राहुल गांधी को यह नहीं भूलना चाहिए कि बिहार में जातीय सर्वे कांग्रेस के समर्थन से ही हुआ था। अब वे इसे नकली क्यों कह रहे हैं?राहुल गांधी अगले कुछ दिनों में बिहार के अन्य जिलों का दौरा कर सकते हैं। उनकी योजना दलित और पिछड़े बहुल इलाकों में जाकर लोगों को जातीय जनगणना के फायदे समझाने की है। कांग्रेस का दावा है कि यह मुद्दा 2025 के विधानसभा चुनाव में गेम-चेंजर साबित होगा।

 

Advertisement

impact add2

Advertisement

impact add4