इम्पैक्ट लाइव टीम पटना : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को पटना में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने बिहार को जानबूझकर पिछड़ा बनाए रखा और इसे अपराध, जातिवाद, और कुशासन के अंधेरे में धकेल दिया। राजनाथ सिंह ने विशेष रूप से आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में बिहार में जंगल राज था, जहां संविधान की आवाज की जगह बंदूक की गोलियां गूंजती थीं।
पटना में आयोजित इस बैठक में राजनाथ सिंह ने कहा, लालू जी के जंगल राज में यह धरती अपराध और आतंक का अड्डा बन गई थी। जहां कभी संविधान की आवाज सुनाई देती थी, वहां गोलियों की आवाज गूंजने लगी थी।उन्होंने लालू के शासन को भ्रष्टाचार, डर, और बाहुबलियों का राज बताया। सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि लालू और उनके सहयोगी दलों ने सत्ता को केवल अपने परिवार की सेवा के लिए इस्तेमाल किया, न कि जनता के कल्याण के लिए।उन्होंने कहा, बिहार स्वाभाविक रूप से पिछड़ा नहीं है, इसे जानबूझकर पिछड़ा बनाया गया। आरजेडी और कांग्रेस ने बिहार को अंधेरे में धकेला, लोगों को बेरोजगार छोड़ा, और महिलाओं की सुरक्षा को खतरे में डाला।
राजनाथ सिंह ने लालू प्रसाद के जन्मदिन समारोह के दौरान हुए एक विवाद का जिक्र किया, जहां एक आरजेडी कार्यकर्ता द्वारा डॉ. बी.आर. आंबेडकर की तस्वीर को पैरों के पास रखने की घटना सामने आई थी। उन्होंने इसे गलती नहीं, बल्कि आरजेडी की मानसिकता का प्रतीक बताया। सिंह ने कहा, यह कोई साधारण गलती नहीं थी। यह उस मानसिकता को दर्शाता है, जो दलितों और आंबेडकर का सम्मान नहीं करती।उन्होंने जोड़ा कि केवल बीजेपी ही आंबेडकर के विचारों को अपनी नीतियों में शामिल करती है।राजनाथ सिंह ने लालू पर यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने अपने शासनकाल में जननायक करपूरी ठाकुर की विरासत को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा, लालू प्रसाद ने सत्ता में रहते हुए करपूरी ठाकुर की स्मृति में कुछ नहीं किया। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थे, जिन्होंने इस बिहार के महान सपूत को भारत रत्न से सम्मानित किया।सिंह ने दावा किया कि बीजेपी ने सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने के लिए जाति जनगणना को मंजूरी दी और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाया।
इस बीच, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने एनडीए नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार केवल हवा-हवाई बातें कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में एनडीए के वादे खोखले साबित हुए हैं और बिहार की जनता को कोई ठोस लाभ नहीं मिला। लालू ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी गरीब और पिछड़े वर्गों के लिए काम करेगी और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत लगाएगी।बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के संदर्भ में यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को पांच प्रमुख टास्क दिए, जिनमें जनता के बीच एनडीए की उपलब्धियों को पहुंचाना और विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देना शामिल है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए बिहार में दो-तिहाई बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाएगी।सिंह ने कहा, बीजेपी आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। बिहार का भविष्य दिलीप जायसवाल जैसे कार्यकर्ताओं के हाथों में सुरक्षित है।उन्होंने कार्यकर्ताओं को बिहार और भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।