Friday 05-Dec-2025

रामनवमी को लेकर पटना के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में तैयारियाँ जोड़ो पर ,रात के सवा दो बजे खुल जाएगा गर्भगृह का पट

रामनवमी को लेकर पटना के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में तैयारियाँ जोड़ो पर ,रात के सवा दो बजे खुल जाएगा गर्भगृह का पट

पटना :-रामनवमी 2025 के अवसर पर पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में तैयारियां जोरों पर हैं।इस बार रामनवमी 6 अप्रैल 2025 को मनाई जाएगी। मंदिर के गर्भगृह का पट रात सवा दो बजे खोला जाएगा, जिसके बाद पूरा परिसर 'जय श्रीराम' और 'जय हनुमान' के उद्घोष से गूंज उठेगा। मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस साल करीब 2 लाख भक्तों को हनुमान चालीसा की प्रतियां वितरित की जाएंगी। इसके अलावा, भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में 14 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि कतार में खड़े लोग हनुमान जी और राम दरबार के लाइव दर्शन कर सकें।मंदिर के अधीक्षक के. सुधाकरन ने बताया कि रामनवमी के दिन भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के लिए 100 से अधिक निजी सुरक्षाकर्मी और लगभग 1,000 स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे। मंदिर से वीर कुंवर सिंह पार्क तक करीब दो किलोमीटर लंबी कतार के लिए लोहे की रेलिंग और पंडाल बनाए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों से पूरी व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी, और जिला प्रशासन भी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगा।

रामनवमी के दिन सुबह 10 बजे मंदिर परिसर में ध्वज स्थल पर मुख्य पूजा होगी, जिसमें तीनों ध्वजों को बदला जाएगा। दोपहर 12 बजे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की जन्म आरती होगी, जिसके बाद भक्तों में प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस साल 170 भक्तों ने ध्वज लगाने के लिए बुकिंग की है। पूजा-अर्चना के लिए अयोध्या से 8 पुजारी बुलाए गए हैं, जो मंदिर के 6 स्थानीय पुजारियों के साथ मिलकर भक्तों की सेवा करेंगे।मंदिर के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि इस बार हनुमान जी 12 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के हार और मुकुट पहनेंगे। इसके साथ ही, हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा की योजना भी है, हालांकि यह अभी पक्की नहीं हुई है। अगर हेलीकॉप्टर उपलब्ध नहीं हुआ, तो ड्रोन से फूल बरसाए जाएंगे। पिछले दो सालों से ड्रोन के जरिए यह परंपरा निभाई जा रही है।

रामनवमी के मौके पर 25,000 किलो से अधिक नैवेद्यम प्रसाद की बिक्री होने की उम्मीद है, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये होगी। यह प्रसाद तिरुपति के कारीगरों द्वारा तैयार किया जाता है और इसे घी के लड्डुओं के रूप में भक्तों को चढ़ाया जाता है। इसके अलावा, मंदिर में दरिद्र नारायण भोज का आयोजन भी होगा, जो एक दिन पहले से शुरू होकर रामनवमी तक चलेगा।पटना का महावीर मंदिर अपनी अनूठी विशेषताओं के लिए प्रसिद्ध है। यहां हनुमान जी की दो मूर्तियां एक साथ विराजमान हैं- एक “परित्राणाय साधूनाम्” (अच्छे लोगों की रक्षा के लिए) और दूसरी “विनाशाय च दुष्कृताम्” (बुरे कर्मों का नाश करने वाली) के रूप में। मंदिर में रामसेतु का एक पत्थर भी रखा गया है, जो 15 किलो का है और पानी में तैरता है। यह मंदिर 1730 ईस्वी में स्वामी बालानंद द्वारा स्थापित किया गया था और 1983-85 में आचार्य किशोर कुणाल के प्रयासों से इसका वर्तमान भव्य स्वरूप तैयार हुआ।

 

Advertisement

impact add3

Advertisement

impact add3