Saturday 02-May-2026

चिकित्सक के नवनिर्मित मकान से 20 लाख की चोरी, वायरिंग से लेकर टीवी तक साफ

चिकित्सक के नवनिर्मित मकान से 20 लाख की चोरी, वायरिंग से लेकर टीवी तक साफ

पटना, इम्पैक्ट लाइव टीम: राजधानी पटना के बाईपास थाना क्षेत्र स्थित शिवाजी कॉलोनी में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक चिकित्सक के नवनिर्मित मकान को निशाना बनाते हुए लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह घटना जहानाबाद जिले के पंचमहल्ला निवासी और पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित मेडिकल कॉलेज में कार्यरत 45 वर्षीय डॉ. आलोक कुमार के मकान में हुई है। उन्होंने बताया कि बाईपास थाना क्षेत्र के आइकॉन अस्पताल के पास स्थित शिवाजी कॉलोनी में उनका नया मकान हाल ही में बनकर तैयार हुआ है। डॉ. आलोक के अनुसार, पिछली बार उनके बहनोई उमेश कुमार खन्ना जब मकान पर गए थे, तब सब कुछ ठीक-ठाक था। लेकिन जब डॉ. आलोक स्वयं दिन में लगभग 2 बजे मकान पहुंचे तो वहां का नजारा देख कर वह स्तब्ध रह गए। चोरों ने बंद मकान के पिछले हिस्से से किवाड़ तोड़कर प्रवेश किया और मकान के भीतर लगे कीमती सामानों की चोरी कर ली।

चोरी हुए सामानों में वायरिंग का पूरा तांबे का तार, एसी, लिफ्ट का सारा उपकरण, पानी की मोटर, अल्युमिनियम की खिड़कियां, स्टील के दरवाजे, गेट, स्मार्ट टीवी और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। इसके अलावा चोरों ने मकान में लगी मार्बल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। चिकित्सक ने इस घटना की जानकारी तत्काल बाईपास थाना को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में निर्माणाधीन और बंद मकानों को अक्सर चोर निशाना बना रहे हैं, लेकिन पुलिस की गश्ती व्यवस्था कमजोर होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

Advertisement

impact add1

Advertisement

impact add1