Wednesday 10-Dec-2025

पटना के पी ऐन एम मॉल में आतंकी हमले की मॉक ड्रिल, सुरक्षा बलों ने दिखाई तत्परता

पटना के पी ऐन एम मॉल में आतंकी हमले की मॉक ड्रिल, सुरक्षा बलों ने दिखाई तत्परता

इंपैक्ट लाइव टीम पटना : बिहार की राजधानी पटना के प्रमुख शॉपिंग मॉल पी ऐन एम  में मंगलवार को एक आतंकवाद निरोधक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास ऑपरेशन अभ्यास के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य आपात स्थिति में सुरक्षा बलों की तैयारियों को परखना और नागरिक सुरक्षा को सुनिश्चित करना था। इस मॉक ड्रिल में आतंकवादी हमले की स्थिति का अनुकरण किया गया, जिसमें आतंकवाद निरोधक दस्ते एटीएस और कमांडो दस्ते ने अपनी फुर्ती और समन्वय का प्रदर्शन किया।

मॉक ड्रिल के अनुसार, पी ऐन एम मॉल में चार आतंकियों के घुसने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर एटीएस की एक विशेष टीम, जिसमें छह कमांडो शामिल थे, तुरंत कार्रवाई में जुट गई। मॉल के अंदर आतंकियों के छिपे होने की स्थिति को मानकर कमांडो दस्ते ने तेजी से मोर्चा संभाला। इस दौरान नकली आतंकियों को ढेर करने और स्थिति को नियंत्रित करने का अभ्यास किया गया। मॉल में मौजूद लोगों को सुरक्षित निकालने और आपात स्थिति से निपटने के लिए भी रणनीति बनाई गई थी।एटीएस और अन्य सुरक्षा बलों ने मॉल के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया, जिसमें दोनों पक्षों से नकली फायरिंग का दृश्य भी देखा गया। इस अभ्यास में पुलिस, अग्निशमन विभाग, और आपदा प्रबंधन टीमों ने भी हिस्सा लिया, ताकि किसी वास्तविक आपात स्थिति में समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य न केवल सुरक्षा बलों की तैयारियों को परखना था, बल्कि आम नागरिकों को भी आपात स्थिति में सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में जागरूक करना था। मॉल में मौजूद लोगों को ड्रिल के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया और उन्हें बताया गया कि ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए। जिला प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे इस तरह के अभ्यास को गंभीरता से लें और शांति बनाए रखें।पटना पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, यह मॉक ड्रिल नागरिकों की सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने की हमारी तैयारियों को और मजबूत करने के लिए आयोजित की गई थी। हमारा लक्ष्य है कि किसी भी संकट की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Advertisement

impact add1

Advertisement

impact add6